Date: 22/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विजयदशमी पर कलश विसर्जन, मां दुर्गा को दी जाएगी विदाई

10/21/2026 12:23:20 PM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : शारदीय नवरात्र के समापन के साथ ही आज विजयदशमी के अवसर पर जिले में मां दुर्गा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इससे पहले विभिन्न पूजा पंडालों में कलश विसर्जन की परंपरा निभाई जा रही है। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ कलश लेकर निकले तथा स्थानीय सरोवरों में विधि-विधान के साथ कलश विसर्जित करेंगे। विजयदशमी के दिन पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद भक्त उनसे सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना किये। वहीं, प्रतिमा विसर्जन को लेकर पूजा समितियों की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही दस दिनों तक चलने वाले दुर्गोत्सव का समापन हो जाएगा।
वहीं, विजयदशमी के अवसर पर महिलाओं के बीच सिंदूर खेलने की परंपरा भी निभाई जाती है। महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां दुर्गा से अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस परंपरा को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। पूजा-अर्चना के बाद महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई देती हैं। विजयदशमी का दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भी माना जाता है। मां दुर्गा की विदाई के साथ श्रद्धालु अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की प्रतीक्षा करेंगे। पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच जामताड़ा में दुर्गोत्सव का समापन होगा।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट।