Date: 31/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सदर अस्पताल की इमरजेंसी से घंटों गायब रहे डॉक्टर, इलाज के लिए भटकते रहे मरीज 
 

10/30/2026 2:34:28 PM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : सदर अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को भी अस्पताल की इमरजेंसी में कई घंटे तक चिकित्सक के मौजूद नहीं रहने का मामला सामने आया। डॉक्टर का इंतजार करते हुए मरीज और उनके परिजन परेशान होते रहे। इस घटना ने एक बार फिर सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मीडिया कर्मी सदर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मरीज के परिजन अनुज पंडित ने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे से अपने मरीज को लेकर इमरजेंसी में डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वहां कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। उन्होंने मरीज को दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए रेफर कराने का प्रयास किया, लेकिन रेफर करने के लिए भी कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। वहीं, रामबाबू पासवान ने बताया कि उनके परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब होने पर वे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, डॉक्टर के नहीं रहने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इमरजेंसी में डॉक्टर की अनुपस्थिति की जानकारी मिलने पर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर कुमार तत्काल अस्पताल पहुंचे और मरीजों का इलाज शुरू कराया। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में जिस डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित थी, वे अनुपस्थित थे। इसकी सूचना मिलने के बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। उपाधीक्षक ने यह भी बताया कि डॉक्टरों के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और मनमानी करने के संबंध में सिविल सर्जन को लिखित शिकायत दी गई है। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। गौरतलब है कि सदर अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने जांच टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया है। इसके बावजूद इमरजेंसी में चिकित्सक की अनुपस्थिति की घटना सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है और इमरजेंसी में मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट ।