Date: 10/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्थापना दिवस पर उत्सवी हुआ भोजपुर, स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
 

11/10/2026 1:18:23 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Araa: भोजपुर जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार की सुबह जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। स्थापना दिवस समारोह के तहत स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुरेन्द्र कुमार एवं जिला उप विकास आयुक्त संजय कुमार ने भी शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के माध्यम से जिले के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वच्छता और विकास का संदेश दिया गया। सुबह-सुबह सड़कों पर कतारबद्ध होकर निकलते स्कूली बच्चों ने स्थापना दिवस के उत्सव को खास बना दिया। आपको बता दें कि भोजपुर जिले का गठन 10 नवंबर 1972 को तत्कालीन शाहाबाद जिले के विभाजन के बाद हुआ था। इस लिहाज से 10 नवंबर 2026 को भोजपुर अपने गठन के 54 वर्ष पूरे कर रहा है। स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। यहां खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न विभागों की ओर से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। शाम में दीपोत्सव का भी आयोजन निर्धारित है। सरकारी भवनों को नीली रोशनी से सजाने की तैयारी की गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक साहिल कौशिक की प्रस्तुति भी प्रस्तावित है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव क़े लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट