Munger : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मुंगेर के गंगा घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए छठव्रतियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई सिर पर पूजन सामग्री से भरा दउरा लेकर घाट पहुंच रहा है, तो कोई दंडवत यात्रा करते हुए छठी मैया के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट कर रहा है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा गंगा तट भक्तिमय हो गया है। देखिए मुंगेर के बबुआ गंगा घाट से यह खास तस्वीर। तस्वीरें मुंगेर के प्रसिद्ध बबुआ गंगा घाट की हैं, जहां छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। चारों तरफ आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। छठव्रती पूरे विधि-विधान और परंपरा के साथ पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच रहे हैं। उनके साथ परिवार के सदस्य भी इस महापर्व में शामिल होकर भगवान सूर्य की आराधना कर रहे हैं। घाटों पर गूंज रहे छठी मैया के पारंपरिक गीत पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। वहीं, जैसे ही भगवान भास्कर अस्ताचलगामी होंगे, छठव्रती गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान व्रती अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना करेंगे। इधर, घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़