Date: 16/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठव्रतियों का इंतजार खत्म, सज-धजकर तैयार हुआ गोमो का विशुनपुर घाट
 

11/15/2026 12:35:55 PM IST

149
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रेलनगरी गोमो स्थित जमुनिया नदी के विशुनपुर छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाट की साफ-सफाई से लेकर आकर्षक विद्युत सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक का विशेष ध्यान रखा गया है। अब इंतजार है छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का, जो यहां पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और छठी मईया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। पूजा समिति की ओर से नदी तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई कराई गई है। साथ ही आकर्षक लाइटिंग और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। नदी में पानी के स्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक पुल का निर्माण कराया गया है, जिससे छठ व्रती और श्रद्धालु नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। वहीं, नदी की बीच धारा में भगवान सूर्य और छठी मईया की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जो घाट की खूबसूरती को और आकर्षक बनाएंगी। पूजा समिति के सदस्य मनोज स्वर्णकार ने बताया कि समिति की ओर से विगत वर्ष 1998 से लगातार छठ पूजा के अवसर पर इस तरह की व्यवस्था की जाती रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दूध, अगरबत्ती और गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, दूसरे अर्घ्य के दिन चाय और खीर की भी व्यवस्था रहेगी।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |