Date: 21/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार सुस्त ! योजना का शिलापट लगा, लेकिन सड़क निर्माण अब तक शुरू नहीं,
 

11/20/2026 5:31:46 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र हवेली खड़गपुर में ग्रामीण कार्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां सड़क निर्माण के लिए न केवल योजना स्वीकृत हुई, बल्कि सड़क किनारे शिलापट भी लगा दिया गया, लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक निर्माण कार्य शुरू तक नहीं हो पाया है। योजना को पूरा करने की निर्धारित समय सीमा में महज तीन महीने शेष हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब काम शुरू ही नहीं हुआ, तो आखिर तय समय पर सड़क निर्माण कैसे पूरा होगा? क्या विभाग के अधिकारियों को आम लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है ? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र में विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मामला मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर अनुमंडल मुख्यालय का है, जहां ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल खड़गपुर-तारापुर की कथित लापरवाही के कारण सड़क निर्माण योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। दरअसल, खड़गपुर बाजार स्थित अंबेडकर चौक यानी निबंधन कार्यालय के समीप से पटेल चौक तक करीब 1.200 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होना है। इस योजना की कुल प्राक्कलित राशि 63 लाख 21 हजार 600 रुपये है और निर्माण की जिम्मेदारी एसबी एंजिकॉन प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है। हैरानी की बात यह है कि विभाग की ओर से सड़क किनारे योजना का शिलापट भी काफी पहले लगा दिया गया है। शिलापट पर निर्माण कार्य प्रारंभ होने की तिथि 26 फरवरी 2026 और कार्य पूर्ण करने की अंतिम तिथि 25 फरवरी 2027 अंकित है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है। वहीं, योजना पूरी करने की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने में अब महज तीन महीने का वक्त बचा है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर बिना काम शुरू किए विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य कैसे पूरा करेगा? स्थानीय लोगों की मानें तो सड़क की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें रोजाना आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश के दिनों में सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। बावजूद इसके, विभागीय अधिकारियों की ओर से अब तक निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कोई ठोस पहल होती नजर नहीं आ रही है। इधर, मामले को लेकर जब हमने ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल खड़गपुर-तारापुर के कार्यपालक अभियंता से कैमरे पर उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। हालांकि, फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने दावा किया कि नवंबर महीने के अंत तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि कार्यपालक अभियंता का यह आश्वासन धरातल पर कब उतरता है और वर्षों से परेशान स्थानीय लोगों को आखिर कब इस जर्जर सड़क से निजात मिल पाती है। फिलहाल, योजना का शिलापट सड़क किनारे लगा है, लेकिन निर्माण कार्य का इंतजार जारी है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट।