रांची : झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के चर्चित न्यूक्लियस मॉल का 375 करोड़ रुपये में सौदा होने की जानकारी सामने आई है। दावा है कि शुक्रवार को मॉल की रजिस्ट्री भी पूरी हो गई। खास बात यह है कि इस सौदे में सरकार को 26 करोड़ 25 लाख रुपये का राजस्व मिला है। आखिर इस करोड़ों के सौदे में मॉल का खरीदार कौन है और किसके नाम हुई इसकी रजिस्ट्री ? रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल को 375 करोड़ रुपये में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल ने इसकी रजिस्ट्री वीए कंपनी के डायरेक्टर विवेक कुमार सिंह के नाम की है। रजिस्ट्री के दस्तावेजों के मुताबिक इस सौदे में 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11 करोड़ 25 लाख रुपये निबंधन शुल्क जमा किए गए हैं। यानी सरकारी खजाने में कुल 26 करोड़ 25 लाख रुपये पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि खरीदार विवेक कुमार सिंह कोयला कारोबारी एलबी सिंह के बेटे हैं। गौरतलब है कि एलबी सिंह अवैध कोयला कारोबार से जुड़े मामले को लेकर ईडी की जांच के दायरे में चर्चा में रहे हैं। ऐसे में 375 करोड़ रुपये के इस बड़े सौदे ने रांची से लेकर कोयलांचल तक हलचल मचा दी है।
कोयलांचल लाइव डेस्क |
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़