Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अम्बे माइनिंग ने रोजगार के लिए मांगा 45 दिनों का समय, आश्वासन के बाद धरना स्थगित,​मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी ...

10/4/2026 12:45:17 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : बाघमारा के बीसीसीएल ब्लॉक दो क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी अम्बे माइनिंग में स्थानीय लोगों के रोजगार की मांग को लेकर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन फिलहाल कंपनी प्रबंधन के आश्वासन के बाद टल गया है। आज बीसीसीएल ब्लॉक दो महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित त्रिपक्षीय वार्ता के बाद जेएमएम केंद्रीय सदस्य कामेश्वर महथा उर्फ डब्लू महथा ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।  
​कामेश्वर महथा उर्फ डब्लू महथा ने बताया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 5 अक्टूबर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। आंदोलन से पूर्व अम्बे माइनिंग प्रबंधन तथा बीसीसीएल के अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता आयोजित की गई। वार्ता के दौरान अम्बे माइनिंग प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिए 45 दिन का समय मांगा है।  ​जेएमएम नेता ने इसे संघर्षशील युवाओं और जनता की बड़ी जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोगों को रोजगार के लिए उपेक्षित किया जा रहा था, लेकिन लगातार दबाव के बाद प्रबंधन को सामने आकर समय सीमा तय करनी पड़ी है।  
​प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी को यह अंतिम मौका दिया जा रहा है। यदि 45 दिनों की मियाद पूरी होने के बाद भी वादे के मुताबिक रोजगार नहीं दिया गया, तो आगे किसी प्रकार की वार्ता नहीं होगी और कंपनी को सीधे उग्र आंदोलन का सामना करना पड़ेगा, जिसकी समस्त जवाबदेही प्रबंधन की होगी।  
​वार्ता के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से एपीपीएम सहित अम्बे माइनिंग के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।  
 
बाघमारा से  कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ रवानी की रिपोर्ट