Date: 22/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बारिश ने किसानों की तोड़ी कमर! खेतों में सड़ रही धान की फसल

11/22/2026 6:39:24 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान का असर अब किसानों पर कहर बनकर टूट रहा है। मुंगेर में लगातार हो रही बारिश ने धान उत्पादक किसानों की कमर तोड़ दी है। कटाई के ऐन वक्त पर हुई बारिश से खेतों में जलजमाव हो गया है और तैयार धान की फसल पानी में डूबकर बर्बाद होने लगी है। कहीं कटी हुई फसल सड़ रही है, तो कहीं धान की बालियों में ही अंकुर निकलने लगे हैं। महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में अब प्रभावित किसान सरकार से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। दरअसल, मुंगेर में धान की फसल पककर पूरी तरह तैयार थी। कहीं खेतों में कटाई चल रही थी, तो कहीं किसान कटी हुई फसल को खलिहान तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे थे। लेकिन इसी बीच मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पिछले तीन से चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। नतीजा यह हुआ कि तैयार धान की फसल पानी में डूबकर सड़ने लगी है। कई खेतों में धान की बालियों से अंकुर भी निकलने लगे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। माड़र की रहने वाली मीना देवी बताती हैं कि उनकी चार बीघा जमीन में लगी और कटी हुई धान की फसल पानी में डूबकर सड़ गई। वहीं, कई अन्य किसानों की भी एक से लेकर पांच बीघा तक की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है। किसानों का कहना है कि गरीब परिवारों ने कर्ज लेकर खेती की थी। उन्हें उम्मीद थी कि धान की फसल बिकने के बाद कर्ज चुकाएंगे और परिवार का खर्च चलाएंगे, लेकिन लगातार बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बारिश से हुए नुकसान के बाद किसान अब खुद ही खेतों से पानी निकालकर बची हुई फसल को सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। बिना कुमार खेत से पानी निकालकर धान को सुखाने में जुटे हैं। वहीं, सिकंदर यादव की करीब पांच बीघा और सुधीर सिंह की चार बीघा धान की फसल भी बारिश और जलजमाव के कारण बर्बाद होने की कगार पर है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट |