Date: 22/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जब अधिकारी खुद लेकर उतरे साइकिल तो बढ़ा युवाओं का जोश! ट्रायथलॉन के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश!

11/22/2026 1:44:39 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धनबाद में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर ट्रायथलॉन का आयोजन किया गया। साइकिलिंग और दौड़ प्रतियोगिता के जरिए लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। इस आयोजन में बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी खुद साइकिल लेकर मैदान में उतरे। अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे से लेकर डीएसपी ट्रैफिक, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला खेल पदाधिकारी ने भी साइकिलिंग में हिस्सा लेकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। धनबाद के आठ लेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस ट्रायथलॉन में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और खिलाड़ी आयोजन स्थल पर पहुंचे। साइकिलिंग और दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे ने उपस्थित बच्चों और युवाओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति सड़क पर अपनी जिम्मेदारी समझे और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करे। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और ट्रैफिक सिग्नल का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान अधिकारियों ने खुद साइकिलिंग में हिस्सा लेकर लोगों को यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान हैं। अधिकारियों की इस भागीदारी से बच्चों और युवाओं का उत्साह भी बढ़ा। ट्रायथलॉन के माध्यम से खेल, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क