Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमीन है लेकिन पानी नहीं! 120 सबर परिवारों की आजीविका पर संकट!

11/26/2026 12:26:42 PM IST

4
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर पोटका के ग्वालकाटा सबरनगर का मामला,जहाँ आदिम जनजाति सबर समुदाय के इन परिवारों के पास खेती के लिए जमीन तो है, लेकिन पानी की कमी के कारण वे बड़े पैमाने पर सब्जी की खेती नहीं कर पा रहे हैं। यही वजह है कि उन्होंने प्रसासन से डीप बोरिंग की मांग किया। ग्वालकाटा सबरनगर में आदिम जनजाति सबर परिवारों की जिंदगी खेती पर ही टिकी हुई है।लेकिन पानी की कमी ने उनकी आजीविका को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। यहां कई एकड़ जमीन बंजर पड़ी हुई है, क्योंकि सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है। डीप बोरिंग कम होने के कारण ये परिवार न तो अपनी जरूरत की सब्जियां उगा पा रहे हैं और न ही बाजार के लिए उत्पादन बढ़ा पा रहे हैं। सबर परिवारों की देखरेख कर रहे भारत सेवा संघ के रोबिन महाराज ने बताया कि फिलहाल वे महज 10 एकड़ जमीन पर करीब 50 परिवारों को काम दे पा रहे हैं। जबकि वर्तमान में यहां कुल 120 परिवार रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन द्वारा पांच डीप बोरिंग लगा दिए जाएं तो बाकी बची हुई जमीन पर भी खेती शुरू की जा सकती है। इससे अतिरिक्त 70 परिवारों को नियमित रोजगार मिल सकेगा और कुल 120 परिवारों की आजीविका सुरक्षित हो जाएगी। रोबिन महाराज ने साफ कहा कि पानी की व्यवस्था हो जाए तो सबर परिवार न केवल अपनी रोजी-रोटी कमा सकेंगे, बल्कि आत्मनिर्भर भी बन सकेंगे। उन्होंने विधायक, सांसद और जिला प्रशासन से अपील की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दें और डीप बोरिंग की व्यवस्था करवाएं, ताकि सबर समुदाय के लोग सम्मानजनक जीवन जी सकें।
 
 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट