Date: 27/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बेटियों का बचपन छीन रही बाल विवाह की कुप्रथा, अब इसे जड़ से मिटाने की मुहिम तेज!

11/27/2026 1:31:07 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा आज भी बेटियों के भविष्य और उनके अधिकारों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी कुप्रथा को जड़ से खत्म करने के संकल्प के साथ धनबाद के जिला परिषद सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने साफ कहा कि जब तक बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक मजबूत भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। धनबाद के जिला परिषद सभागार में शुक्रवार को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक बदलाव का संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के मौके पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बेटियों को आगे बढ़ने का समान अवसर देना बेहद जरूरी है। उन्होंने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत इसी संस्था ने की थी। लगातार प्रयासों का ही नतीजा है कि आज बाल विवाह मुक्त भारत अभियान राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए शारदा सिंह ने कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चियों को कम उम्र में ही मातृत्व जैसी गंभीर जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है। वहीं, नवजात बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बाल विवाह की समस्या केवल ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं, जो कई बार सामाजिक दबाव के कारण छिपे रह जाते हैं। हालांकि, अब बदलाव की तस्वीर भी दिखाई देने लगी है। कई बहादुर बेटियों ने खुद आगे आकर अपने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाई है। शारदा सिंह ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित माहौल, बेहतर शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।  कुल मिलाकर संदेश साफ है—बचपन बचाना है, बेटियों को पढ़ाना है और बाल विवाह मुक्त भारत बनाना है। इसके लिए सिर्फ सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क