Date: 21/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सदर अस्पताल में खुलेआम जलाया गया मेडिकल कचरा, मरीजों की सेहत पर खतरा 

11/20/2026 5:31:46 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger  : मुंगेर सदर अस्पताल में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के पुराने भवन में डायलाइसिस सेंटर और ब्लड बैंक के पीछे खुलेआम मेडिकल कचरा जलाया जा रहा था।  कचरे से उठता जहरीला धुआं सीधे डायलाइसिस सेंटर और ब्लड बैंक में पहुंच रहा था।  मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन ने डायलाइसिस सेंटर और सफाई एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगा है साथ ही मेडिकल कचरे के सुरक्षित भंडारण के लिए अलग जगह चिन्हित करने का निर्देश दिया है । मुंगेर सदर अस्पताल में गुरुवार की शाम करीब 4:30 बजे मेडिकल कचरा जलाने का यह नजारा सामने आया, सिविल सर्जन कार्यालय की ओर स्थित पुराने भवन में डायलाइसिस सेंटर और ब्लड बैंक के पीछे दीवार के बाहर बड़े पैमाने पर मेडिकल कचरे में आग लगाई गई थी। कचरे से उठता धुआं आसपास फैलने के साथ सीधे डायलाइसिस सेंटर और ब्लड बैंक के अंदर पहुंच रहा था।  खुलेआम मेडिकल कचरा जलाने से मरीजों, स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पताल आने वाले लोगों की सेहत पर खतरा पैदा हो सकता है । मामले की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन डॉ. राजू ने डायलाइसिस सेंटर के कर्मियों को बुलाकर पूछताछ की, जांच में पता चला कि पीपीपी मोड में संचालित डायलाइसिस सेंटर का अस्पताल में मेडिकल कचरा उठाव करने वाली एजेंसी से कोई करार नहीं है ।  इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए सेंटर को जल्द एजेंसी से करार करने का निर्देश दिया।  वहीं अस्पताल प्रबंधक तौसिफ हसनैन को डायलाइसिस सेंटर से स्पष्टीकरण लेने को कहा। मेडिकल कचरे के निस्तारण में लापरवाही को लेकर अस्पताल की सफाई एजेंसी भी कार्रवाई के घेरे में है।  सिविल सर्जन ने एजेंसी के सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही मेडिकल कचरे के सुरक्षित भंडारण के लिए दूसरी जगह चिन्हित कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।  सदर अस्पताल परिसर में मेडिकल कचरा जलाने की घटना ने अस्पताल की साफ-सफाई और मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।  आखिर अस्पताल परिसर में मेडिकल कचरे को खुलेआम जलाने की नौबत क्यों आई और इसकी जिम्मेदारी किसकी है, सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में इस तरह मेडिकल कचरा जलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, संबंधित सेंटर और सफाई एजेंसी से जवाब मांगा गया है । 
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट ।