Date: 04/09/2025 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कुढ़नी विधानसभा : जन सुराज, महागठबंधन सहित एनडीए को टक्कर, जीत की राह आसान नहीं 

9/2/2025 9:18:35 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Edited By - Vikash 
 
Muzaffarpur : उत्तर बिहार को दक्षिण से जोड़ने वाला पटना-मुजफ्फरपुर एनएच कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरता है। चिकनी-चौड़ी इस सड़क पर गाड़ियां तेज रफ्तार से सरपट भागती हैं। लेकिन, कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र की चुनावी राजनीति की राह उतनी चिकनी और सपाट नहीं है। इसमें दांव-पेच और समीकरण जैसे अवरोधक भी हैं। आजादी के बाद हुए तीन विधानसभा चुनावों में यहां से कांग्रेस ने जीत दर्ज की। फिर 1969 आते-आते समाजवादियों ने अपनी जड़ें मजबूत की। 1985 को छोड़कर कांग्रेस फिर कभी यहां से नहीं जीती। फिलहाल कुढ़नी के किले पर भगवा झंडा लहरा रहा है। पिछले डेढ़ दशक में इस सीट पर चार बार चुनाव हुए। 2010 में जदयू के मनोज सिंह कुशवाहा जीते थे। 2015 में कुशवाहा को हराकर केदार प्रसाद गुप्ता ने यहां भगवा झंडा गाड़ा। 2020 के चुनाव में केदार गुप्ता सिर्फ 712 मतों के मामूली अंतर से राजद के अनिल सहनी से हार गए। लेकिन, केदार गुप्ता की किस्मत फिर पलटी। राज्यसभा सांसद रहने के दौरान सहनी पर एलटीसी घोटाले के आरोप लगे थे और कोर्ट से दोषी करार दिए जाने पर उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई। लिहाजा 2022 में उपचुनाव हुआ और केदार गुप्ता (भाजपा) ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी जदयू के मनोज कुशवाहा को हरा दिया। तब जदयू एनडीए से बाहर होकर महागठबंधन के साथ था। अब जदयू एवं भाजपा साथ हैं और केदार गुप्ता राज्य के पंचायती राज मंत्री हैं। ऐसे में भाजपा के लिए सहयोगी दलों को साधना बड़ी चुनौती होगी। मुजफ्फरपुर जिले की कुढ़नी विधानसभा सीट से इस बार जन सुराज पार्टी भी अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रही है। शहर के एक होम्योपैथिक चिकित्सक की गतिविधि हाल में बढ़ी है। खासकर दलित किशोरी से दुष्कर्म की घटना के खिलाफ आंदोलनों में जन सुराज की सक्रियता दिखी थी। यहां प्रशांत किशोर भी जन संवाद कर चुके हैं। कुढ़नी का बड़ा इलाका पिछड़ा है। इस क्षेत्र में आम और लीची के अलावा बड़े पैमाने पर गेहूं, धान और मूंग की खेती होती है। यहां कृषि आधारित उद्योग-धंधों की प्रचुर संभावना है। साधुशरण शाही ने 1969 में कांग्रेस को हराकर समाजवाद का झंडा गाड़ा था। वह 1969 में प्रसोपा, 1972 में संसोपा और 1977 में जनता पार्टी से विजयी हुए थे। 1990 में निर्दलीय उतरे और जीते। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 314852 है। इनमें 166821 पुरुष और 148028 महिला वोटर हैं। इसके अलावा 3 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं। ये आंकड़े जनवरी, 2025 तक के हैं। कुढ़नी विधानसभा के पूरब में सकरा, पश्चिम में पारु एवं मुजफ्फरपुर नगर, उत्तर में नगर एवं बोचहां और दक्षिण में वैशाली एवं लालगंज पड़ता है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क