Date: 03/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बीसीसीएल की बड़ी कार्रवाई: वर्षों से बंद रोप-वे के लोहे के ढांचे काटकर हटाए जा रहे

6/3/2026 1:47:03 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले में वर्षों से बंद पड़े बीसीसीएल के रोप-वे और परित्यक्त लोहे के ढांचों को हटाने की मुहिम तेज कर दी गई है। उपायुक्त के निर्देश पर बीसीसीएल प्रबंधन ने जामाडोबा डुमरी दो नंबर क्षेत्र में बंद पड़े रोप-वे के लोहे के ढांचे को काटकर हटाने का काम शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रही इस कार्रवाई को अवैध कटाई, चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर में बुधवार को बीसीसीएल की ओर से बंद पड़े दो रोप-वे के लोहे के ढांचों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल अधिकारियों के साथ सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। मशीनों और गैस कटर की मदद से जर्जर और अनुपयोगी संरचनाओं को काटकर हटाया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है। बीसीसीएल अधिकारियों के अनुसार बंद पड़े ये ढांचे सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके थे। साथ ही इनका इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और कबाड़ चोरी के लिए भी किया जा रहा था। जिले के कई इलाकों में वर्षों से खड़े ऐसे लोहे के ढांचे कबाड़ चोरों के निशाने पर रहे हैं, जिससे कई बार आपराधिक घटनाएं भी सामने आई हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले जामाडोबा डुमरी दो नंबर क्षेत्र में इसी तरह के बंद पड़े लोहे के ढांचे की अवैध कटाई को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परित्यक्त ढांचों को हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन जर्जर संरचनाओं को हटाने से चोरी, दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगेगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बेहतर होगी। लोगों ने मांग की है कि जिले के अन्य इलाकों में मौजूद ऐसे परित्यक्त ढांचों को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जाए।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए संजना सिंह की रिपोर्ट