Date: 03/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बेटा नहीं होने पर जेठानी-देवरानी की हुई पिटाई,सदर अस्पताल में इलाज़ जारी 

4/3/2026 6:43:40 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद : जिले के पखनपुरा गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां बेटे की चाहत में दो महिलाओं के साथ उनके ही ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना में घायल दोनों महिलाओं का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित रीता कुमारी और रीमा कुमारी आपस में गोतनी हैं। दोनों ने आरोप लगाया है कि उनके पति, देवर तथा सास-ससुर द्वारा लगातार उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। परिवार के लोग बेटा नहीं होने को लेकर नाराज रहते हैं और इसी बात को लेकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता रहा है। महिलाओं ने बताया कि दोनों के एक-एक बेटी है, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से उन पर बेटे के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गईं। रीमा कुमारी ने यह भी बताया कि जब वह दोबारा गर्भवती हुईं, तब भी उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने इस मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पहले दोनों का समुचित इलाज कराया जाएगा, इसके बाद पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना समाज में अब भी मौजूद संकीर्ण सोच को दर्शाती है, जहां बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता है। सरकार द्वारा बेटियों के सशक्तिकरण और समान अधिकार को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, बावजूद इसके इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट