Date: 03/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की नेक पहल, 120 स्वास्थ्यकर्मियों की हुई नियुक्ति 
 

6/3/2026 6:34:30 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करते हुए विभिन्न 18 पदों पर 120 अभ्यर्थियों को बुधवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इन नियुक्तियों से जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निकाली गई नियुक्तियों के लिए कुल 956 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट आयोजित किया गया, जिसके बाद 120 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन समेत विभिन्न श्रेणियों के स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। सदर अस्पताल धनबाद में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नव नियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने का संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार चयनित कर्मियों की तैनाती सदर अस्पताल के अलावा जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। विभाग की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि मेरिट सूची में मामूली अंतर से पीछे रह गए अभ्यर्थियों को भविष्य में होने वाली नियुक्ति प्रक्रिया में अवसर दिया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि नई नियुक्तियों से जिले में मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।120 नए स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति के साथ धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने जा रही है। इससे अस्पतालों में मानव संसाधन की कमी दूर होगी और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क