Date: 14/06/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पति ने पत्नी का गला रेतकर हत्या की कोशिश, गंभीर हालत में SNMMCH में भर्ती

6/14/2026 11:55:15 AM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :- धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र से पति-पत्नी के विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पांडरपल्ला न्यू इस्लामपुर स्थित अलहबीबी मैरिज हॉल में काम करने के दौरान एक महिला पर उसके ही पति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि झरिया चौथाईकुल्ही निवासी मेंहदी खातून अपने पति शहजाद उर्फ खैरु के साथ मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करती थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आरोपी पति अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था। बीती रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। रविवार सुबह जब महिला मैरिज हॉल की ऊपरी मंजिल पर अकेले काम कर रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा और अचानक उसके गले पर धारदार ब्लेड से वार कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद भूली ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर के अनुसार पति-पत्नी मूल रूप से बोकारो जिला के निवासी है, यहां झरिया में रहकर पांडरपल्ला स्थित अलहबीबी मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद में हुई इस घटना के आरोपी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट