Date: 16/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अत्यधिक गर्मी के कारण ड्यूटी पर तैनात चौकीदार हुआ बेहोश, इलाज के दौरान हुई मौत मचा हलचल 

6/16/2026 3:25:04 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच ड्यूटी के दौरान एक चौकीदार की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान घोसी थाना में पदस्थापित 50 वर्षीय चौकीदार शालिग्राम यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शालिग्राम यादव अपने क्षेत्र में थाने की नोटिस बांटने गए थे। नोटिस वितरण के बाद वह कुछ देर आराम करने के लिए एक चाय दुकान पर रुके और चाय पी। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय शर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। बताया जाता है कि शालिग्राम यादव परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें किसी की भी शादी नहीं हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है। वहीं, घोसी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में लगी हुई थी।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट