Date: 16/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ज्वेलरी लूटकांड के दो शातिर बदमाश एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, लूटे गए गहने और हथियार बरामद

6/16/2026 3:25:04 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : 22 मई को ज्वेलरी शॉप संचालक को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इस कांड में शामिल दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुजीत और श्रवण के रूप में हुई है। इनके पास से लूटे गए सोने के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद, दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद की गई है। एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि ज्वेलरी लूटकांड के बाद से ही पुलिस लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ अपराधी एक ठिकाने पर छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। अब पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
 
 गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट