Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कदमा में पुलिस का डबल एक्शन, चोरी और जानलेवा हमले के मामलों का खुलासा

9/12/2026 5:49:15 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी और जानलेवा हमले के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।इस बात की जानकारी  सिटी एसपी ललित मीणा ने मिडिया को दी। उन्होंने बताया की  पुलिस ने चोरी के मामले में करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कांसा-पीतल के बर्तन बरामद किए हैं। वहीं, चापड़ से हमला करने के मामले में एसआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया है। पहला मामला चोरी से जुड़ा है। तीन सितंबर की शाम न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 में महुआ सिन्हा के बंद घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर घर से कांसा और पीतल के बर्तन के साथ चांदी के सिक्के और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए थे। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 11 सितंबर को मो. जफर खान को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में कांसा और पीतल के कई बर्तनों के अलावा सोने का हार, मांगटीका, कान के टॉप, नथ, चांदी की थाली, गिलास, कटोरा, बेरा और अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। जांच के दौरान साकची थाना क्षेत्र में हुई चोरी से जुड़े सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। वहीं दूसरा मामला जानलेवा हमले से जुड़ा है। 10 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में कुछ युवकों ने मो. कैफ नामक युवक के सिर पर चापड़ से हमला कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव की लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट