Date: 27/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रेप केस के फरार आरोपी के घर महिला थाना पुलिस का “ढंका-ढोल अभियान”, मोहल्ले में मची चर्चा

6/20/2026 12:54:55 PM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा शहर में रेप केस के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहिद रिज़वान समेत अन्य अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की। पुलिस टीम आरोपियों के घर पहुंची और विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत इश्तेहार चिपकाकर उन्हें जल्द न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पारंपरिक तरीके से ढंका बजवाकर मुनादी भी कराई। ढंका की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे मोहल्ले में इस कार्रवाई की चर्चा होने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस प्रक्रिया को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। न्यायालय के आदेश के बाद उनके खिलाफ इश्तेहार की कार्रवाई की गई है। यदि निर्धारित समय के भीतर आरोपी न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का सबसे दिलचस्प पहलू तब देखने को मिला, जब इश्तेहार चिपकाने और मुनादी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर स्थानीय गवाहों की मौजूदगी दर्ज की। इसके लिए मोहल्ले के एक निवासी से दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया, ताकि पूरी कार्रवाई का प्रमाण सुरक्षित रखा जा सके। इस पूरी प्रक्रिया के बाद इलाके में लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई एक नियमित कानूनी कार्रवाई है। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट