Date: 26/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बॉर्डर क्षेत्र में मिहिजाम पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर

8/26/2026 12:04:31 PM IST

55
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जामताड़ा: झारखंड-बंगाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मिहिजाम पुलिस ने सोमवार देर रात तक सघन वाहन जांच अभियान चलाया। मिहिजाम-रूपनारायणपुर सीमा पर पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया वाहनों पर नजर रखी गई। जांच अभियान का नेतृत्व मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने स्वयं किया। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से जरूरी कागजात की जांच की और संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ कर उनके आने और जाने के स्थान की जानकारी ली। पुलिस के अचानक शुरू किए गए जांच अभियान से सीमा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों में कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ गई। पुलिस ने बताया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा होने के कारण इस क्षेत्र में लगातार लोगों और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से नियमित वाहन जांच और निगरानी बेहद जरूरी है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए वाहन जांच एवं निगरानी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बॉर्डर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

 

 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट