Date: 23/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

26 वर्षों से फरार दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

6/23/2026 12:12:18 PM IST

151
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : कुंडहित थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 26 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नयन दास उर्फ सुकुमार दास, पिता स्वर्गीय दुखु दास, निवासी बाबुपुर, थाना कुंडहित, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कुंडहित थाना कांड संख्या 53/2000 एवं एसटी संख्या 11/2001 के मामले में नयन दास के खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी पर अपनी पत्नी की कथित दहेज हत्या का आरोप है। इस मामले में वह वर्ष 2000 से फरार था, और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर कुंडहित थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पश्चिम बंगाल में अपना नाम और पता बदलकर रह रहा था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कुंडहित थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट