Date: 02/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 फरार बाल कैदी की रेल पटरी पर मिली क्षत-विक्षत लाश, इलाके में फैला तनाव
 

7/1/2026 12:06:53 PM IST

43
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया के परैया थाना की पुलिस अभिरक्षा से सुबह फरार हुए 13 वर्षीय बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. थाना से भागने के कुछ ही समय बाद उसका क्षत-विक्षत शव प्रभुआ गांव के सामने गया डीडीयू रेलखंड पर पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही परैया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और स्थानीय इलाके में तनाव का माहौल है. बताया जाता है की चलती ट्रेन पर चढ़ने के दौरान वह गिर गया और ट्रेन के नीचे आ गया. बता दे की  सोमवार को बैंक में चोरी के आरोप में पकड़े गए 13 वर्षीय लड़के को परैया थाना में रखा गया था, जहां से वह मंगलवार की सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस अभी उसकी तलाश कर ही रही थी कि कुछ ही देर बाद प्रभुआ गांव के पास गया डीडीयू रेलखंड पर एक बच्चे का क्षत-विक्षत शव होने की सूचना मिली. शव की शिनाख्त उसी फरार बाल कैदी के रूप में की गई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है.थाना से कैदी के फरार होने और फिर उसकी मौत होने के बाद टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल और सर्किल इंस्पेक्टर खुद मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारी परैया थाना पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है. गौरतलब है कि सोमवार को दखनेर निवासी निवास सिंह परैया स्थित मध्य बिहार ग्रामीण बैंक में पैसे जमा करने गए थे. इसी दौरान इस लड़के ने निवास सिंह के झोले को काटकर उसमें रखे सौ-सौ रुपये के चार बंडल निकाल लिए थे और भागने लगा था. भनक लगते ही निवास सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसे बैंक के बाहर रंगेहाथ दबोच लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस इस लड़के से पूछताछ कर उसके पूरे गैंग और अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही थी. पुलिस अभिरक्षा से एक नाबालिग का इस तरह फरार हो जाना और फिर रेल पटरी पर उसकी लाश मिलना, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट