Date: 02/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया में दो जंगली हाथियों की दस्तक से दहशत, 48 घंटे से हाई अलर्ट पर वन विभाग

7/1/2026 12:06:53 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के फतेहपुर और मोहनपुर प्रखंड के सीमावर्ती इलाकों में दो जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों हाथी अपने झुंड से बिछड़कर इस क्षेत्र में पहुंच गए हैं और पिछले 48 घंटों से लगातार जंगलों तथा आसपास के इलाकों में घूम रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों को सुरक्षित तरीके से झारखंड के जंगलों की ओर वापस भेजने के लिए पिछले 36 घंटों से विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू कर रखा है। हालांकि, अपरिचित क्षेत्र में आने के कारण दोनों हाथी लगातार अपना स्थान बदल रहे हैं, जिससे अभियान में कठिनाई आ रही है। मंगलवार देर शाम तक हाथियों को फतेहपुर और मोहनपुर की सीमा से सटे जंगलों में देखा गया। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाने, फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। यदि हाथी किसी आबादी वाले क्षेत्र की ओर बढ़ते दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। फिलहाल वन विभाग का प्रयास दोनों हाथियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाने का है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट