Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हथियारों के साथ युवक का कथित VIDEO वायरल, पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

7/6/2026 1:43:41 PM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : बिहार के मुंगेर जिले के धरहरा क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक बाइक पर बैठा दिखाई दे रहा है, जिसके सामने कई पिस्तौल और देशी कट्टे जैसे दिखने वाले हथियार रखे नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। धरहरा क्षेत्र से वायरल इस कथित वीडियो में शुरुआत में हथियारों में कारतूस भरने जैसी गतिविधि दिखाई देती है। वीडियो के अंतिम हिस्से में एक युवक का चेहरा भी नजर आता है। यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा युवक लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले पर लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस वायरल वीडियो की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा कोई वीडियो सामने आता है, तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, युवक की पहचान और उसमें दिख रहे कथित हथियारों की वास्तविकता की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी सामग्री की जांच किए बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में वायरल वीडियो की सच्चाई क्या सामने आती है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट