Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अपराधियों ने चाचा भतीजा को मारी गोली, घटनास्थल पर चाचा की मौत

7/2/2026 12:25:26 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे चाचा-भतीजा पर बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में पचैना से करीब तीन किलोमीटर आगे बमनौली और धर्मपुर बाधार के बीच की है। मृतक की पहचान इंगलिशपुर निवासी 40 वर्षीय सूरज राय, पिता सहदेव राय के रूप में हुई है। वहीं घायल 22 वर्षीय दीपक कुमार, पिता सुदर्शन राय, के दाहिने घुटने के नीचे गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सूरज राय और दीपक कुमार आरा कोर्ट में एक कथित अपहरण मामले में गवाही देने आए थे। शाम को दोनों टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में सूरज राय की मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, कुछ माह पहले दीपक का कथित रूप से अपहरण कर कोईलवर ले जाया गया था। उस मामले में मनीष, पिंटू और नीतीश नामक लोगों का नाम सामने आया था। वहीं परिवार का आरोप है कि करीब चार बीघा जमीन को लेकर बड़े पापा कामता राय से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के समय बुआ का बेटा विनोद राय भी उनसे मिलने आया था। पुलिस ने शव को आज पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट