Date: 04/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

वजीरगंज में लापता चालक का शव बरामद, हिरासत में लिए गए 3 युवक

7/4/2026 12:54:33 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्रबी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लापता चारपहिया वाहन चालक रौशन कुमार उर्फ रॉकेट का शव पूनावां गांव के पास बगाही पहाड़ के पीछे से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है और पहले से हिरासत में लिए गए तीन युवकों से गहन पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की देर रात कुर्किहार गांव के ग्रामीणों ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस तीनों को वाहन समेत थाने ले गई। अगले दिन सुबह रौशन के परिजनों ने थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराते हुए आशंका जताई कि पकड़े गए युवकों का उसके गायब होने से संबंध हो सकता है। इसी दौरान बगाही पहाड़ के पीछे रौशन का शव मिलने से परिजनों की आशंका और गहरा गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के कारण और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच में जुटी है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट