Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भुइफोड़ मंदिर के पास जिला परिषद की बड़ी कार्रवाई, हटाए गए 20 अवैध कब्जे 

7/9/2026 6:12:06 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: भुइफोड़ मंदिर के समीप जिला परिषद की जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 20 अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित दुकानों और खटालों को बुलडोजर से ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन ने अभियान जारी रखते हुए पूरे क्षेत्र को खाली करा दिया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी रिकॉर्ड में जिला परिषद के नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस देकर जमीन खाली करने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। आदेश का पालन नहीं होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के पास जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं, तो नियमों के तहत उनकी जांच कर मुआवजे पर विचार किया जाएगा। हालांकि, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, कार्रवाई से प्रभावित कुछ लोगों ने प्रशासन के फैसले पर आपत्ति जताई और अपनी नाराजगी व्यक्त की। इसके बावजूद जिला परिषद का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। भुइफोड़ मंदिर के पास हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जिला परिषद ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क