Date: 12/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दो दिवसीय बिहार विधानसभा के सदस्यों का प्रबोधन कार्यक्रम हुआ संपन्न, विधायकों को बेहतर जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के लिए मिलकर काम करने का सभी ने दिया संदेश

7/12/2026 2:06:41 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  :गया के बिपार्ड परिसर में आयोजित बिहार विधानसभा के सदस्यों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, यूपी सांसद जगदम्बिका पाल और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विधायकों को बेहतर जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह प्रबोधन कार्यक्रम विशेष रूप से पहली बार चुने गए विधायकों के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जनप्रतिनिधियों को अपनी विधायी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने और सदन की कार्यप्रणाली को जानने का अवसर मिला। समापन सत्र में मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि चुनाव वोटों से जीते जाते हैं, लेकिन जनता का विश्वास केवल सेवा और संवेदनशीलता से ही जीता जा सकता है। उन्होंने विधायकों से बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं के पलायन को रोकने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। वहीं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बदलते समय में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर इस तरह के प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण सत्र के बाद सभी विधायकों ने गया और बोधगया के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी किया। 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट