Date: 01/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी, लाखों के चांदी के आभूषण पर चोरों ने किया हाथ साफ

7/11/2026 1:14:05 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना सदर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक रोड स्थित कार्मेल स्कूल के सामने की है, जहां मधु लक्खी ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया। शनिवार सुबह जब दुकान संचालक नीलकंठ कुमार वर्मा दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। चोर दुकान के बगल में स्थित कारपेंटर की दुकान के रास्ते दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और करीब डेढ़ से दो किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने दुकान संचालक की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
 
कोयलांचल लाइव डेस्क