Date: 16/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हिमांशु सिंह हत्याकांड: आखिरी फरार आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर, सभी नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

7/14/2026 11:58:31 AM IST

104
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के आखिरी फरार नामजद आरोपी राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड के सभी नामजद आरोपी अब पुलिस या न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार, इससे पहले मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, आरोपी राहुल दुबे ने भी पहले बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। भाजपा नेता और डीडी बार के संचालक नीरज सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुए विवाद के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे, जिसके चलते चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। साथ ही डीडी बार को भी सील कर दिया गया था। राघवेंद्र के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी और साक्ष्यों को अंतिम रूप देने में जुट गई है। हालांकि, इस चर्चित हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी अब भी जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए  बिनोद केसरी की रिपोर्ट