Date: 16/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

7/16/2026 3:18:39 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 452 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि स्वासपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुसाबनी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने नागेन भकत, पिता सुभाष भकत, निवासी स्वासपुर, थाना जादूगोड़ा को मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के बैग से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट