Date: 19/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

7 घंटे के रेस्क्यू के बाद बचा पीयूष, डीएम ने NDRF-SDRF टीम को किया सम्मानित

7/18/2026 12:16:44 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय पीयूष कुमार को सुरक्षित बाहर निकालने वाली एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। इस दौरान डीएम शशांक शुभंकर ने साफ कहा कि बोरवेल खुला छोड़ने के मामले में जिम्मेदार एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही जिले के सभी खुले बोरवेल को तत्काल बंद कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। गया समाहरणालय में आयोजित सम्मान समारोह में डीएम शशांक शुभंकर ने सफल रेस्क्यू अभियान में शामिल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीडीओ, सीओ और अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि तीन वर्षीय पीयूष को सुरक्षित बचाने में एनडीआरएफ की अहम भूमिका रही, जबकि एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने भी अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। डीएम ने बताया कि जिले में मौजूद सभी खुले और अनुपयोगी बोरवेल को तत्काल बंद कराने के निर्देश पीएचईडी विभाग को दिए गए हैं। सभी संबंधित अभियंताओं से प्रमाणपत्र भी मांगा गया है कि उनके क्षेत्र के खुले बोरवेल सुरक्षित रूप से बंद कर दिए गए हैं। जिस बोरवेल में बच्चा गिरा था, उससे जुड़े अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, बोरवेल खुला छोड़ने वाली एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि गुरुवार शाम गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के रंगूनगर गांव में तीन वर्षीय पीयूष कुमार खेलते समय करीब 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया, जिसके बाद पूरे जिले में राहत की लहर दौड़ गई। इस घटना के बाद जिला प्रशासन अब जिले के सभी खुले बोरवेल की जांच कर उन्हें सुरक्षित बंद कराने की कार्रवाई में जुट गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट