Date: 15/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सब्जी मार्केट में हवाई फायरिंग, दहशत का माहौल 

7/19/2026 12:05:51 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में स्थित टिनप्लेट सब्जी मार्केट में देर शाम एक चौंकाने वाली घटना घटी, जहाँ कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने पर इनकार किए जाने के बाद कुछ युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की तेज आवाज सुनते ही बाजार में दुकानदारों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर भाग गए। कुछ समय के लिए बाजार में दहशत का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार, घटना की जड़ एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी रंगदारी वाले पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ युवक बाजार पहुंचे और रंगदारी को लेकर दुकानदारों से बहस करने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने लोगों को डराने के मकसद से हवाई फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों व गवाहों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने इलाके के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट