Date: 03/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गंगा-सोन के बढ़ते जलस्तर से भोजपुर में अलर्ट, डीएम ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील

9/3/2026 3:01:13 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: गंगा और सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर भोजपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। डीएम ने शाहपुर, बड़हरा, कोईलवर, आरा सदर, उदवंतनगर और बिहियाँ प्रखंड के निचले एवं नदी किनारे इलाकों में रहने वाले लोगों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान नहीं करने, तेज बहाव के करीब नहीं जाने और जलमग्न इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। बच्चों को नदी या पानी से घिरे क्षेत्रों के आसपास अकेले नहीं जाने देने की भी सलाह दी गई है। इसके अलावा नदी किनारे फोटो और सेल्फी लेने से बचने, नाव से यात्रा के दौरान केवल अधिकृत नाव का इस्तेमाल करने और नाव की क्षमता से अधिक लोगों को सवार नहीं करने को कहा गया है। जलमग्न सड़कों और रास्तों को तेज बहाव के बीच पैदल या वाहन से पार करने की कोशिश नहीं करने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में 94723 98730 एवं 06182-221233 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। प्रशासन की अपील साफ है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट