Date: 08/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

के.के. पॉलिटेक्निक–उप डाकघर घोटाला: लोयाबाद में ईडी की दबिश, आरोपी पंकज चौहान फरार
 
 

7/31/2026 4:52:57 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :- धनबाद के चर्चित के.के. पॉलिटेक्निक–उप डाकघर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। आज  ईडी की टीम लोयाबाद तीन नंबर निवासी पंकज चौहान के घर छापेमारी करने पहुंची। हालांकि, कार्रवाई के दौरान पंकज चौहान घर पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम उसे गिरफ्तार करने के उद्देश्य से पहुंची थी। मामले में कई समन के बावजूद पूछताछ में शामिल नहीं होने पर एजेंसी ने कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी की छापेमारी की सूचना मिलते ही लोयाबाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान ईडी ने पंकज चौहान को कई बार समन और नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह किसी भी नोटिस पर उपस्थित नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने के बाद एजेंसी ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी। जांच एजेंसी के अनुसार, इसी मामले में पंकज चौहान पहले भी जेल जा चुका है। जांच के दौरान उसके बैंक खाते में 2 करोड़ 89 लाख 12 हजार 600 रुपये ट्रांसफर होने और बाद में पूरी राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। ईडी अब इस संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। फिलहाल ईडी की टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है। वहीं पंकज चौहान की तलाश भी जारी है। माना जा रहा है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क