Date: 19/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सावन में आस्था की मिसाल: 60 वर्षीय महिला 28 वर्षों से बन रही हैं डाक बम

8/2/2026 12:07:01 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :- सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति और आस्था का प्रतीक माना जाता है। धनबाद में इसी आस्था की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां 60 वर्षीय रेणु देवी पिछले 28 वर्षों से सावन के हर सोमवार डाक बम बनकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पित करने जाती हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका उत्साह और श्रद्धा युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। रेणु देवी ने बताया कि वर्ष 1998 में उन्होंने पहली बार सावन के प्रत्येक सोमवार डाक बम बनकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाने का संकल्प लिया था। तब से लेकर आज तक बिना नागा यह यात्रा जारी है। उनका कहना है कि जब तक बाबा की कृपा और बुलावा रहेगा, तब तक वह यह सेवा करती रहेंगी। रेणु देवी का कहना है कि डाक बम की वेशभूषा धारण करते ही उन्हें एक अद्भुत ऊर्जा का अनुभव होता है। लंबी और कठिन यात्रा के बावजूद उन्हें न थकान महसूस होती है और न ही दर्द। उनके साथ उनका पूरा जत्था भी चलता है, जो हर पल उनका सहयोग करता है। मनोकामना के सवाल पर रेणु देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि बाबा ने उन्हें अपना भक्त बनाया, यही उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है। परिवार सुखी और स्वस्थ है, इसलिए उन्हें बाबा से अपने लिए कुछ नहीं चाहिए। उनकी बस एक ही प्रार्थना है कि बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और हर परिवार सुख, शांति और समृद्धि के साथ जीवन बिताए। इसी कृतज्ञता के भाव से वह हर सावन के सोमवार बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने जाती हैं।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क