Date: 03/08/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ तीन संदिग्ध अपराधी गिरफ्तार

8/2/2026 5:24:44 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

मुंगेर : मुंगेर के कासिम बाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। छापेमारी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और एक पिस्टल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा शख्स भी शामिल है, जो अपहरण और रंगदारी समेत कई संगीन मामलों का आरोपी है तथा हाल ही में जेल से बाहर आया था। मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी रहे मृतक मनजीत मंडल के घर में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस ने छापेमारी कर शास्त्री नगर निवासी अजीत कुमार, सुमन कुमार तथा वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और एक पिस्टल बरामद की। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार अजीत कुमार के खिलाफ पहले से अपहरण, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, कुख्यात अपराधी मनजीत मंडल की हत्या के बाद अजीत कुमार उसके गिरोह की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। कासिम बाजार थाना में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे तथा उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट