बाघमारा : झारखंड के क्रांतिदूत कहे जाने वाले शहीद शक्तिनाथ महतो की 78वीं जयंती के अवसर पर बाघमारा के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ओर जेएमएम के तत्वावधान में तेतुलमारी स्थित शक्ति चौक पर शहीद शक्तिनाथ महतो की पुत्री अंजना देवी और उनके दामाद शिवप्रसाद महतो की अगुवाई में आयोजित समारोह में टुंडी विधायक मथुरा महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, बाघमारा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता जलेश्वर महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने शहीद शक्तिनाथ महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने शहीद शक्तिनाथ महतो के समाज उत्थान के लिए किए गए कार्यों और उनके बलिदान को याद किया। वहीं दूसरी ओर तेतुलमुड़ी स्थित शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक विद्यालय में उनके भाई एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेश महतो के तत्वावधान में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शामिल हुए। इस अवसर पर धनबाद सांसद ढुलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, बड़कागांव विधायक रौशनलाल चौधरी, झरिया विधायक रागिनी सिंह, निरसा की पूर्व विधायक अर्पणा सेनगुप्ता सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय परिसर में स्थापित शहीद शक्तिनाथ महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने राज्य की हेमंत सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कोयला चोरी खुलेआम हो रही है और सरकार को इसकी सीबीआई जांच करानी चाहिए। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और झारखंड में जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया।
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए कशी नाथ की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़