Date: 06/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खरकाई नदी में डूबे एनआईटी छात्र मीर तनवीर हसन का शव 5 दिन बाद दोमुहानी से बरामद

8/6/2026 1:35:57 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जमशेदपुर: एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी स्थित दोमुहानी से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और एनआईटी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। मीर तनवीर हसन पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, रविवार को वह अपने साथियों के साथ आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद से एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थीं। रविवार शाम से शुरू किए गए सर्च अभियान के पांचवें दिन, गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सोनारी स्थित दोमुहानी से उनका शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और एनआईटी के छात्र मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से एनआईटी जमशेदपुर में शोक का माहौल है। छात्रों ने नदी और चेकडैम जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ ऐसे स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड तथा निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद से परिजन लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में बने हुए थे। अब शव मिलने के बाद परिजनों का इंतजार समाप्त हो गया, लेकिन पूरे परिसर में गम का माहौल बना हुआ है।

 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट