गया: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अभिनव पहल 'कॉफी विद डीएम' के पहले सत्र में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा किए। कार्यक्रम से यह स्पष्ट संदेश उभरकर सामने आया कि बदलाव की सबसे बड़ी ताकत युवाओं की सोच और उनकी सक्रिय भागीदारी है। संवाद के दौरान शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, खेल, पर्यटन, स्वच्छता, डिजिटल सेवाएं, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। युवाओं ने 'My Clean Gaya Movement', खेल सुविधाओं के विस्तार, गया को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण सहित कई रचनात्मक सुझाव दिए। जिला प्रशासन ने इन सुझावों को विकास योजनाओं से जोड़ने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि प्रशासन केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से गया के विकास की नई दिशा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देकर गया को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना जिला प्रशासन का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 'कॉफी विद डीएम' कार्यक्रम अब प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर जिले के विकास में सार्थक योगदान दे सकें।
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़