Date: 07/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद प्रेस क्लब ने यूट्यूबर के खिलाफ थाने में की शिकायत, मानहानि और आपत्तिजनक प्रचार का लगाया आरोप

8/6/2026 6:26:42 PM IST

169
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: धनबाद प्रेस क्लब ने एक यूट्यूबर के खिलाफ धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। प्रेस क्लब का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से प्रेस क्लब के खिलाफ भ्रामक, अमर्यादित और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर संस्था की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। यूटूबेर के खिलाफ ये एफआईआर धनबाद प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद ने कराई है। प्रेस क्लब की ओर से 5 अगस्त 2026 को धनबाद थाना प्रभारी को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि दिनेश चंद्र शर्मा, जो "दीपांश दर्पण" नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते हैं, लगातार धनबाद प्रेस क्लब को लेकर अभद्र एवं आक्रामक कंटेंट प्रसारित कर रहे हैं। आवेदन के अनुसार, इससे प्रेस क्लब की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और संस्था के सदस्यों में आक्रोश है। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया के जरिए प्रेस क्लब के खिलाफ कथित रूप से मिथ्या प्रचार किया जा रहा है, जिससे संस्था की साख प्रभावित हो रही है। प्रेस क्लब ने इसे मानहानिकारक बताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रेस क्लब ने पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की जांच कर संबंधित यूट्यूब चैनल और उसके संचालक के खिलाफ मानहानि एवं आईटी एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने या किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, जिनके खिलाफ शिकायत दी गई है, उनका पक्ष भी अभी सामने नहीं आया है। 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क