Date: 09/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छाताबाद भू-धसान के बाद घटनास्थल पहुंचे ढुलू महतो-जलेश्वर महतो, मुआवजा और पुनर्वास की मांग

8/8/2026 6:49:53 PM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

बाघमारा : छाताबाद में लगातार दूसरी बार हुई भू-धंसान की घटना के दूसरे दिन धनबाद सांसद ढुलू महतो घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भू-धंसान की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें उचित मुआवजा तथा समुचित पुनर्वास की दिशा में ठोस पहल का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ढुलू महतो ने घटना के लिए स्थानीय प्रबंधन और इलाके में पूर्व में हुए अवैध कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी के पूरे मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराई जानी चाहिए, ताकि इसके पीछे की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता जलेश्वर महतो भी छाताबाद पहुंचे और प्रभावित लोगों से बातचीत की। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने इलाके में हो रही कोयला चोरी के लिए झारखंड की महागठबंधन सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया। जलेश्वर महतो ने कहा कि इलाके में लंबे समय से हो रही कोयला चोरी का भयावह स्वरूप अब भू-धंसान की घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थानीय लोग भी पूरी तरह जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। ऐसे में लोगों को एकजुट होकर कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से मांग की कि भू-धंसान से प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इलाके में आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

 

बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशी नाथ रवानी की रिपोर्ट