Date: 09/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर शहीदों को श्रद्धांजलि, BJP नेता मनीष पंकज मिश्रा ने किया नमन

8/9/2026 11:54:45 AM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया : भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा और राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने कोतवाली स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। इसके बाद सभी लोग भुई राम, जगन्नाथ मिश्रा और कैलाश राम के स्मारक, धामी टोला स्थित कैलाश जी के स्मारक एवं गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि 9 अगस्त 1942 भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक दिन है। इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध ‘करो या मरो’ का ऐतिहासिक आह्वान किया था। इस नारे ने पूरे देश में स्वतंत्रता की ऐसी अलख जगाई कि लाखों देशभक्त अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने जेल की यातनाएं झेलीं और अनेक वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी, लेकिन भारत माता की स्वतंत्रता के संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि हमारे अमर शहीदों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ अपने प्राणों का बलिदान देकर देश को आजादी दिलाने में अमूल्य योगदान दिया। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए सदैव समर्पित रहना चाहिए। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि आजादी हमें विरासत में नहीं मिली, बल्कि यह अनगिनत वीरों के संघर्ष, बलिदान और तपस्या का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए सदैव सजग रहे तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। सभी उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके त्याग एवं बलिदान को कभी नहीं भूलेंगी।

 

 गयाजी से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट