Date: 18/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

केंदुआ में फिर बना गोफ, जहरीली गैस के रिसाव से दहशत, पुनर्वास की उठी मांग

8/17/2026 6:51:57 PM IST

48
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

 

धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ 5 नंबर राजपूत बस्ती में एक बार फिर तेज आवाज के साथ गोफ बनने और उससे जहरीली गैस का रिसाव होने से इलाके में दहशत फैल गई। राजपूत बस्ती मस्जिद से कुछ दूरी पर लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बागान में अचानक गोफ बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गोफ से लगातार गैस रिसाव होने के कारण आसपास रहने वाले लोग भयभीत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी भू-धंसान और जहरीली गैस रिसाव की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब पांच महीने पहले केंदुआडीह थाना के पास मुख्य सड़क धंसने के बाद गोफ से गैस रिसाव हुआ था। तब सुरक्षा के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कराया गया था और वैज्ञानिक जांच के बाद नाइट्रोजन गैस की फिलिंग की गई थी। दोबारा गैस रिसाव की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग तेज कर दी है। वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा रावत ने कहा कि रैयती और गैर-रैयती जमीन के लिए समान मुआवजा उचित नहीं है। उन्होंने बीसीसीएल और जिला प्रशासन से लोगों के लिए बेहतर पुनर्वास नीति बनाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहरीली गैस और गोफ के खतरे से दूर सुरक्षित स्थान पर बसाने और उचित मुआवजा देने की व्यवस्था हो तो वे अपने घर छोड़ने को तैयार हैं।

 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क