Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लगातार सड़क दुर्घटना से हो रही मौत पर कांग्रेस पार्टी चिंतित! प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग.....

9/18/2026 6:38:10 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटना से लोगों की मौत के मामले पर कांग्रेस पार्टी काफ़ी चिंतित है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोगों की जान जा रही है। कई परिवार उजड़ रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने चिंता जताई है और जिला प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने की मांग की है।
कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने आज पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि सड़क के किनारे ट्रेलर, हाइवा और अन्य बड़े वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े हैं। ये वाहन किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा दिन के समय भी शहर के अंदर ट्रेलर और हाइवा बेधड़क घूमते दिखे, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
अवधेश सिंह ने कहा कि शहर में लगातार सड़क दुर्घटनाओं से लोगों की जान जा रही है। नो एंट्री के समय भी बड़े वाहन शहर में घुस रहे हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की ऐसे वाहन चालकों और वाहन मालिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए,ताकि आम लोगों की जान बच सके उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ जमशेदपुर शहर ही नहीं, बल्कि बहरागोड़ा, चाकुलिया, घाटशिला, पटमदा, पोटका, सुंदनगर आदि क्षेत्रों में भी आए दिन भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों ने लोगों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।कांग्रेस पार्टी ने जिला प्रशासन से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, बड़े वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और नो एंट्री जोन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट