Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस ने संयुक्त रणनीति की तैयार....

9/18/2026 6:38:10 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय सभागार में अंतरजिला पुलिस मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और बेहतर पुलिसिंग को लेकर चर्चा की। खास तौर पर तड़ीपार अपराधियों पर नजर रखने और दोनों जिलों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय सभागार में आयोजित अंतरजिला पुलिस मीटिंग में जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस के वरीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जमशेदपुर एसएसपी एहतेशाम वकारीब, सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीय, जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा समेत डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों जिलों में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी और पुलिसिंग को और बेहतर बनाना रहा। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और कार्रवाई को लेकर रणनीति पर चर्चा की। खास तौर पर तड़ीपार अपराधियों को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी। दोनों जिलों की सीमा एक-दूसरे से सटी होने के कारण अपराधियों के एक जिले से दूसरे जिले में जाकर छिपने या अपराध को अंजाम देने की आशंका बनी रहती है। ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में थाना प्रभारी और डीएसपी स्तर पर समय-समय पर अंतरजिला बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान और दोनों जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय कायम किया जाएगा, ताकि अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सके।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट