Date: 24/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

करमाटांड़ में मवेशी लदी बोलेरो पलटी, दो लोगों की मौत, तीन मवेशियों ने भी तोड़ा दम
 

9/24/2026 11:55:30 AM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara  : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शहरजोरी के समीप गुरुवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मवेशी लदी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में लदे पांच मवेशियों में से तीन की भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव निवासी अशरफ अंसारी और रफीक अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बोलेरो में पांच मवेशी लदे हुए थे और वाहन करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान शहरजोरी के समीप अचानक बोलेरो अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन में सवार दोनों लोगों की जान चली गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे में बोलेरो में लदे पांच मवेशियों में से तीन की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मवेशियों की स्थिति को लेकर पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय बोलेरो की गति कितनी थी और आखिर किस परिस्थिति में चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। घटना के बाद मृतकों के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट